पिपरिया में ‘जंगलराज’! पुलिस के फ्लैग मार्च के ठीक 30 मिनट बाद व्यापारी पर फायरिंग, जेल में बंद रज्जू पुर्विया के नाम पर मांगी 5 लाख की फिरौती!

नर्मदापुरम (पिपरिया): क्या नर्मदापुरम जिले में कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है? इटारसी की वारदातों के बाद अब पिपरिया से एक ऐसी खौफनाक और हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन की साख को सरेबाजार नीलाम कर दिया है। पिपरिया के मंगलवारा क्षेत्र में अपराधियों ने जो दुस्साहस दिखाया है, उसे देखकर जनता थर्रा उठी है।
पुलिस का फ्लैग मार्च खत्म हुआ… और शुरू हो गया बदमाशों का तांडव!
इस वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात इसकी टाइमिंग है। शुक्रवार को पिपरिया के मंगलवारा क्षेत्र में एसडीएम आकिब खान के नेतृत्व में पुलिस ने एक तगड़ा ‘फ्लैग मार्च’ निकाला था। मकसद था—अपराधियों में खौफ पैदा करना और जनता को सुरक्षा का संदेश देना। लेकिन इस फ्लैग मार्च के महज आधे घंटे बाद ही बदमाशों ने पुलिस के इस खौफ के दावे की धज्जियां उड़ा दीं।
जेल में बंद रज्जू पुर्विया के नाम की ‘गुलाबी पर्ची’ और 5 लाख की डिमांड
मंगलवारा क्षेत्र के नामचीन इलेक्ट्रॉनिक और मोबाइल व्यापारी सचिन जायसवाल (पिता सुभाष जायसवाल) के पास शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे एक अनजान नंबर (9893833987) से कॉल आता है। फोन पर सीधे ₹5,00,000 (5 लाख रुपये) की फिरौती मांगी जाती है।
इसके ठीक 10 मिनट बाद, एक अज्ञात बदमाश फिल्मी स्टाइल में सचिन की दुकान के भीतर घुसता है। वह हाथ में गुलाबी रंग की एक पर्ची थमाता है, जिस पर लिखा था— “रज्जू पुर्विया की तरफ से तोहफा”। बता दें कि रज्जू पुर्विया इस वक्त जेल में बंद है, यानी जेल के भीतर से ही रंगदारी का यह पूरा नेटवर्क ऑपरेट हो रहा है! बदमाश ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो जान से मार देगा।
फिल्मी स्टाइल में दोबारा आए और किए 4 हवाई फायर, सीसीटीवी में कैद
व्यापारी सचिन जायसवाल डरे नहीं और तुरंत पुलिस में शिकायत करने पहुंचे। जैसे ही बदमाशों को भनक लगी कि व्यापारी पुलिस के पास गया है, उनका दुस्साहस और बढ़ गया। वे दोबारा बाइक से दुकान पर आए। एक बदमाश गेट पर खड़ा हुआ, पिस्टल निकाली और दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ 4 हवाई फायर किए और बाइक से फरार हो गए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
बाजार बंद, व्यापारियों में भारी आक्रोश: सड़कों पर उतरा जायसवाल समाज
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे पिपरिया में सनसनी फैल गई है। नगर व्यापारी संघ, जायसवाल समाज और हैहय कलचुरी समाज सहित अन्य संगठनों में भारी रोष है। नाराज व्यापारियों ने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और इसके विरोध में शनिवार दोपहर 12 बजे तक बाजार बंद रखने का बड़ा ऐलान कर दिया।
सुरक्षा में पुलिस बल तैनात, टीमें दे रही हैं दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी (SDOP) मोहित कुमार यादव ने व्यापारी सचिन जायसवाल के निवास और दुकान के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। आरोपियों को दबोचने के लिए मंगलवारा टीआई गिरीश त्रिपाठी, स्टेशन रोड टीआई आदित्य सेन और बनखेड़ी टीआई विजय सनस की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं।
नर्मदा गौरव न्यूज़ का तीखा सवाल— जेल से चल रहा है गैंगवार?
24 घंटे के भीतर पहले एक दलित बस्ती में बंदूक लहराकर फायरिंग करना और फिर पुलिस के फ्लैग मार्च के ठीक आधे घंटे बाद जेल में बंद अपराधी के नाम पर फिरौती मांगकर गोलियां बरसाना… यह क्या साबित करता है?
बड़ा सवाल: जब बदमाश जेल में बंद होकर भी बाहर रंगदारी वसूल रहे हैं और सरेआम गोलियां चलवा रहे हैं, तो आम जनता खुद को सुरक्षित कैसे समझे? क्या नर्मदापुरम पुलिस इन बेखौफ गुर्गों का नेटवर्क ध्वस्त कर पाएगी या अपराधियों का यह ‘तोहफा’ पिपरिया को किसी बड़े गैंगवार की तरफ धकेल देगा?
(नर्मदा गौरव न्यूज़ के लिए पिपरिया से ग्राउंड रिपोर्ट)
पिपरिया में सनसनी: विधायक कप में विवाद के बाद दलित बस्ती में पिस्टल लहराई, FIR दर्ज!
जीआरपी इटारसी की बड़ी कार्रवाई: ₹13.50 लाख की 16 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
इटारसी पुलिस की बड़ी सफलता: 12 घंटे में सुलझाई 13 लाख की चोरी, दुकान का कर्मचारी ही निकला चोर
”नर्मदापुरम में सियासी भूकंप: नपाध्यक्ष पंकज चौरे की कुर्सी पर मंडराया संकट, हाईकोर्ट के नोटिस से मचा हड़कंप!”
वर्दी भी, संवेदना भी: इटारसी थाना प्रभारी गौरव गौरव सिंह बुंदेला और टीम का ‘रक्तदान’ महादान
नर्मदापुरम पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: शराब माफियाओं की तोड़ी कमर, प्रदेश में बना मिसाल
अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ: इटारसी में दिखा भारी उत्साह, जनसंवाद में उमड़ा जनसैलाब
