किसान 3 महीने काम करता है 9 महीने जुआ और शराब नर्मदापुरम समेत पूरे प्रदेश में भड़का आक्रोश पूर्व में E20 पेट्रोल पर भी दे चुके हैं तुम्हारे बाप के यहां से आएगा जैसा विवादित बयान

भोपाल/नर्मदापुरम: रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने विवादित बोल को लेकर एक बार फिर पूरे प्रदेश में चौतरफा घिर गए हैं। किसानों की मेहनत पर सवाल उठाते हुए की गई उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ नर्मदापुरम जिले सहित मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में किसान संगठनों और विपक्षी दलों का गुस्सा फूट पड़ा है। जगह-जगह धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी और सांसद का पुतला दहन किया जा रहा है।
क्या है ताजा विवाद? “3 महीने मेहनत, 9 महीने नशा” दरअसल, मऊगंज जिले के ग्राम रकरी स्थित कमल गौशाला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा था कि किसान साल भर में केवल तीन महीने ही खेतों में मेहनत करते हैं, जबकि बाकी के नौ महीने ताश (जुआ) खेलने, गुटखा खाने, शराब और गांजा (चौंगी) पीने में समय बिताते हैं।
इस बयान का वीडियो वायरल होते ही किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। नर्मदापुरम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी किसान यूनियनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और सांसद का पुतला फूंका। किसान नेताओं का कहना है कि बीज बोने से लेकर सिंचाई, कटाई और मंडी तक किसान 365 दिन पसीना बहाता है, ऐसे में उन्हें नशेड़ी और जुआरी बताना पूरे अन्नदाता समाज का घोर अपमान है। हालांकि, चौतरफा विरोध और एफआईआर की मांग उठने के बाद सांसद ने अपने बयान पर सफाई देते हुए खेद जताया और कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
पहले भी दे चुके हैं अमर्यादित बयान: E20 पेट्रोल पर कहा था- “तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?” यह पहला मौका नहीं है जब जनार्दन मिश्रा अपनी भाषा को लेकर विवादों में आए हैं। महज तीन महीने पहले अगस्त 2026 में रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने E20 (20% इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल का विरोध कर रहे लोगों पर भड़कते हुए बेहद अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था।
उन्होंने मंच से कहा था कि “देश में केवल 20 फीसदी तेल होता है, बाकी विदेश से आता है। जब पीएम कहते हैं कि 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाना पड़ेगा, तो आंदोलन हो रहा है कि शुद्ध पेट्रोल लाकर दो। शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?” उस समय भी मंच पर डिप्टी सीएम समेत कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में दिए गए इस बयान पर जमकर सियासी बवाल मचा था।
अन्य पुराने विवादित बयान
- 95% घरों में नशे का दावा: ताजा विवाद के बीच ही उनका एक और बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 95 प्रतिशत घरों में कोई न कोई व्यक्ति नशा करता है।
- 15 लाख तक के भ्रष्टाचार पर बयान: इससे पहले एक कार्यक्रम में वे यह कहकर भी सुर्खियां बटोर चुके हैं कि “15 लाख रुपये तक के भ्रष्टाचार की शिकायत मेरे पास मत लाना, उसके ऊपर का हो तो बताना।”
फिलहाल, किसानों पर की गई ताजा टिप्पणी के बाद नर्मदापुरम समेत पूरे प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है और विपक्षी दल व किसान संगठन इस मुद्दे पर आर-पार के मूड में नजर आ रहे हैं।
नर्मदा गौरव न्यूज़ मध्य प्रदेश
पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था को लेकर प्रशासन से कांग्रेस नेताओं की सीधी बातचीत, क्या बैकफुट पर आया प्रशासन?
नर्मदापुरम को मिला नया कलेक्टर2014 बैच के IAS आशीष वशिष्ठ संभालेंगे कमान
