बड़ी खबर: मानसून की आहट के बीच कलेक्टर सोमेश मिश्रा का बड़ा निर्देश; संभावित बाढ़ से निपटने 24 घंटे ‘हाई अलर्ट’ पर रहेगा प्रशासन

नर्मदापुरम। आगामी वर्षाकाल के दौरान जिले में संभावित बाढ़ और अतिवृष्टि की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि बाढ़ आपदा प्रबंधन से जुड़ी तमाम सुरक्षात्मक और प्रबंधात्मक तैयारियां मानसून के आगमन से पहले ही हर हाल में पूरी कर ली जाएं।
24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम, तैनात होंगी क्विक रिस्पांस टीमें
कलेक्टर ने जिला स्तर पर एक 24×7 (चौबीसों घंटे) संचालित होने वाले आपदा कंट्रोल रूम की स्थापना और उसमें कर्मचारियों की पालियों में ड्यूटी लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक अनुविभाग में प्रशिक्षित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया जाएगा। होमगार्ड विभाग को बाढ़ बचाव में उपयोग होने वाले सभी नावों, लाइफ जैकेट और अन्य उपकरणों की समय रहते तकनीकी जांच करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय गोताखोरों व तैराकों की सूची अपडेट रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों की मैपिंग और जर्जर भवनों पर चलेगा बुलडोजर
बैठक में कलेक्टर ने बीते वर्षों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डाटा संकलित कर उनकी विस्तृत समीक्षा करने की बात कही। उन्होंने साफ तौर पर निर्देशित किया कि जिले में जितने भी जर्जर या क्षतिग्रस्त शासकीय और निजी भवन हैं, उन्हें चिन्हित कर तत्काल डिस्मेंटल (ढहाने) की कार्रवाई शुरू की जाए। इसके अलावा, बाढ़ के दौरान संपर्क विहीन होने वाले गांवों को एडवांस में चिन्हित करने और आपातकालीन रेस्क्यू के लिए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों के हेलीपैड्स की सूची तैयार रखने को कहा गया है।
घाटों पर अनाउंसमेंट और पुल-पुलियों पर पाबंदी
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नालों की सफाई, पेयजल स्रोतों की जांच और नदियों के घाटों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जलभराव या बाढ़ के दौरान डूबने वाले संवेदनशील पुल-पुलियों पर आवागमन को तुरंत प्रतिबंधित किया जाए और वहां बड़े चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। स्वास्थ्य विभाग को भी एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और जरूरी जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं।
यह रहे उपस्थित:
इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमंशु जैन, एडीएम श्री अनिल जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) और विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख मुख्य रूप से उपस्थित थे।
पिपरिया फायरिंग मामला: पुलिस ने किया बड़े गैंग का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; जेल से रची गई थी रंगदारी की साजिश
नर्मदापुरम पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: शराब माफियाओं की तोड़ी कमर, प्रदेश में बना मिसाल
विस्फोटक खबर: केसला ब्लॉक में अवैध शराब के खिलाफ ‘रणभेरी’, अब सीधे कलेक्टर दफ्तर कूच की तैयारी!
संसदीय गरिमा: विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा के ‘टू द पॉइंट’ संबोधन के कायल हुए मुख्यमंत्री, सदन में दी मिसाल
अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ: इटारसी में दिखा भारी उत्साह, जनसंवाद में उमड़ा जनसैलाब
ग्वालियर में RSS का पहला विश्वविद्यालय: “शिक्षा शून्य से शिखर तक”
नर्मदा लोक कॉरिडोर: लापरवाही पड़ सकती है भारी, कलेक्टर ने दिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
